मुजफ्फरनगर। एंटी करप्शन सहारनपुर टीम ने मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में चकबंदी विभाग के लेखपाल राजन कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा। पीड़ित नरेंद्र कुमार से जमीन की पैमाइश के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही थी।
मुजफ्फरनगर जनपद में एंटी करप्शन सहारनपुर की टीम ने मंगलवार को चरथावल क्षेत्र के चकबंदी विभाग में तैनात लेखपाल राजन कुमार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सरधना निवासी नरेंद्र कुमार ने शिकायत की थी कि जमीन की सही पैमाइश करने के नाम पर लेखपाल उनसे रिश्वत मांग रहा है।
रंगे हाथ पकड़ा गया लेखपाल
शिकायत की पुष्टि के बाद मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप योजना बनाई। पीड़ित को 20 हजार रुपये लेकर रामपुरी स्थित लेखपाल के अस्थायी कार्यालय बुलाया गया। जैसे ही लेखपाल ने रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपी लेखपाल से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।