मंडी। हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मंडी में आयोजित जनसंकल्प सम्मेलन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह परिवार शामिल नहीं हुआ। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह व पुत्र कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह दोनों ने सरकार के जनसंकल्प सम्मेलन से दूरी बनाई। वीरवार को मंडी में सरकार का भव्य कार्यक्रम हुआ, लेकिन कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के इसमें शामिल न होने से कई तरह की चर्चाएं भी तेज हो गईं।
अंदरखाते यह भी चर्चा हो रही है कि क्या वीरभद्र परिवार राज्य सरकार से नाराज है। विनय कुमार को नया कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से यह चर्चा चल रही है। इस बीच कार्यक्रम से एक दिन पहले हिमाचल के इस प्रभावशाली परिवार के निजी दौरे पर चले जाने से कई तरह की बातें चल रही हैं।
परिवार सहित विदेश दौरे पर गए विक्रमादित्य सिंह
दरअसल, कार्यक्रम से पहले बुधवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह परिवार सहित विदेश दौरे पर चले गए हैं। इस निजी दौरे में उनकी पत्नी डा. अमरीन कौर और माता एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी साथ गई हैं।
विदेश दौरे से पहले सोनिया गांधी से मंत्रणा
विदेश दौरे पर जाने से पहले प्रतिभा सिंह ने परिवार सहित कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ प्रतिभा और विक्रमादितय सिंह की लंबी बात हुई है। इस मुलाकात के बीच में हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक माहौल व भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा होने की भी खबरें हैं।