छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट, अगले 2 दिनों तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. दिसंबर माह पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने राजधानी रापुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिन तक शीतलहर चलने की संभावना जताई है. लगातार चल रही तेज हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है. अंबिकापुर जिले में तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है. 12 दिसंबर को रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है. वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 12°C के आसपास रहने का अनुमान है.

छत्तीसगढ़ का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 12 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 28°C से 30°C के बीच रहने की संभावना है. वहीं रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी और संभावित न्यूनतम तापमान 6°C से 13°C के बीच दर्ज होने की संभावना है.

मौसम का हाल
छत्तीसगढ़ का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर देखा गया. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4°C जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.0°C से नीचे दर्ज किया गया.

अगले 24 घंटे का हाल
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार इस समय कोई सक्रिय साइनोप्टिक सिस्टम नहीं है, जिसके कारण आसमान साफ रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

रायपुर का मौसम
रायपुर में 12 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 29°C रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 12°C के आसपास रह सकता है.

इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
12 दिसंबर को मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा- मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और बालोद में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है.

मौसम विभाग ने जारी का चेतावनी
वहीं कड़ाके की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि बिना गर्म कपड़े पहने घर से बाहर न निकलें. यदि अति आवश्यक कार्य के लिए बाहर जाना पड़े तो गर्म कपड़े पहनें. इसके साथ ही घर के आस-पास अलाव रखने की सलाह भी दी गई है ताकि ठंड से बचा जा सके. साथ ही संतुलित और पौष्टिक भोजन लेने की भी सलाह दी है.