इंदौर: इंदौर के सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र स्थित जैन होटल में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचा दिया। आरोप है कि एक युवक को हिंदू युवती के साथ होटल के कमरे में ठहरा था। कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही होटल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि कमरे में युवक-युवती के मिलने पर विवाद बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गई। सूचना मिलने के बाद दोनों को छोटी ग्वालटोली थाने लाया गया, जहां पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र के सरवटे बस स्टैंड स्थित जैन होटल के कमरा नंबर 101 में जयपुर/सवाई माधोपुर (राजस्थान) निवासी याकीन खान एक हिंदू युवती के साथ ठहरा हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही हिंदू जागरण मंच के प्रशांत वर्मा, संतोष जाधव सहित अन्य कार्यकर्ता होटल पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। कार्यकर्ताओं का दावा है कि कमरे में दोनों के मिलने पर वे आक्रोशित हो गए, जिसके बाद होटल में हंगामा खड़ा हो गया। हालात बिगड़ते देख युवक और युवती को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी टीआई संजू कामले ने बताया कि युवक ने होटल संचालक को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत कर नियमानुसार कमरा लिया था। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी के सिलसिले में महाराष्ट्र गया था, जहां धूलिया/नासिक क्षेत्र में उसकी युवती से पहचान हुई। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और वे इंदौर आए, जहां होटल में ठहरे। युवती महाराष्ट्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने युवती से अलग से पूछताछ की, लेकिन उसने किसी प्रकार की एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवक के आपराधिक रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जानकारी राजस्थान से जुटाई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फिलहाल याकीन खान के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोनों के बयान, दस्तावेजों तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने न पाए।