मुजफ्फरनगर में घना कोहरे का कहर, विजिबिलिटी शून्यः कांप रहे लोग

मुजफ्फरनगर. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड ने कहर बरपाया हुआ है। मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। देर रात से शुरू हुआ कोहरा सुबह तक सड़क पर दिखाई देने लगा और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई।

सोमवार 22 दिसंबर को अधिकतम तापमान 14°C और न्यूनतम 9°C दर्ज किया गया। दिन भर औसतन पारा 12°C के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार और बुधवार को भी ऐसा ही घना कोहरा और शीतलहर बनी रहेगी।

आज AQI 281 के साथ बेहद खराब स्थिति में है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायतें मिल रही हैं। मौसम विभाग ने 17 से 25 दिसंबर तक रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने रेन बसेरा और शहर के चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर अलाव की व्यवस्था की है। अधिकारी रात से दिन तक सड़कों पर तैनात हैं। जो भी व्यक्ति सड़क पर सोता मिला, उसे रेन बसेरे में भेजा जा रहा है।

चिकित्सा विभाग भी सतर्क

बढ़ती ठंड और प्रदूषण के कारण सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों ने बुजुर्गों और सांस की समस्याओं वाले मरीजों को घरों से बाहर न निकलने की गाइडलाइन जारी की है। ट्रैफिक विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि अनावश्यक सड़कों पर वाहन न चलाएं। जरूरी होने पर ही वाहन निकालें और फॉग लाइट का उपयोग करें।

नगर पालिका की तैयारी और आमजन से अपील

नगर पालिका मुजफ्फरनगर ने शहर के सभी चौराहा और रेन बसेरों में कंबल, गद्दे और चिकित्सा व्यवस्था की व्यवस्था कर दी है। आमजन से अपील की गई है कि सड़क पर सो रहे किसी भी व्यक्ति को रेन बसेरे तक पहुंचाने या प्रशासन/नगर पालिका को सूचना देने में मदद करें।