हरियाणा में इस दिन से पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, घने कोहरे के साथ चलेंगी बर्फीली हवाएं, अलर्ट जारी

फरीदाबाद: हरियाणा में इन दिनों कड़कड़ाती ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. सुबह से लेकर देर शाम तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है, जिसके कारण आम जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है. कोहरे की चादर ऐसी बिछी हुई है कि कई जगहों पर लोगों को कुछ मीटर दूर तक दिखना मुश्किल हो रहा है. इसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ रहा है. सड़क पर वाहन रेंगते चाल में चल रहे हैं, वहीं ट्रेनें और बसें भी देरी से पहुंच रही हैं. पिछले कुछ दिनों में रात के तापमान के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. सुबह होते ही शीतलहर शरीर को झकझोरने लगी है और दिन के समय भी धूप का असर फीका दिखाई दे रहा है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों से चल रही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं लगातार मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं, जिसके कारण पूरे प्रदेश में ठंड अपने चरम पर है.

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के आखिरी पखवाड़े में तापमान और नीचे जाने की पूरी संभावना है. विभाग ने 22 दिसंबर को हरियाणा के 12 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है. सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर, नूंह मेवात और फरीदाबाद में कोहरे की स्थिति ज्यादा गंभीर रहने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा अन्य जिलों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा.

मौसम के जानकारों का मानना है कि 24 दिसंबर के बाद प्रदेश में ठंड और तेज हो सकती है. हवाओं का रुख बदलने की संभावना है, जिसके बाद उत्तरी दिशा से आने वाली बर्फीली हवाएं पूरे प्रदेश को और ठंडा कर देंगी. इससे सूखी ठंड और पाला पड़ने की भी आशंका जताई जा रही है. किसान भी अब चिंतित हैं, क्योंकि पाला कई फसलों पर असर डाल सकता है.

उधर दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है. इसी स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने GRAP का चौथा चरण लागू कर दिया है. प्रदूषण कम करने और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया है. जिला उपायुक्त अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि स्टैगर्ड ऑफिस टाइमिंग लागू करने का उद्देश्य सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करना है. इससे ट्रैफिक का दबाव युवाओं, नौकरी पेशा लोगों और स्कूल-कॉलेज जाने वालों पर कम पड़ेगा और प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी.

कुल मिलाकर ठंड, कोहरा और प्रदूषण इन तीनों का असर हरियाणा के लोगों पर साफ दिखाई दे रहा है. आने वाले दिनों में सामान्य जनता को और सावधानी बरतने की जरूरत होगी. गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ाना सुबह और देर शाम बाहर निकलने से बचना और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क पहनना बेहद जरूरी हो सकता है. मौसम अभी और कठिन होने की आहट दे रहा है.