आखिरकार झुके ट्रंपः बोलेः हमने चीन के हाथों भारत को खो दिया-जानें पूरी खबर

Trump finally bowed down: said: We lost India to China - know the full story
Trump finally bowed down: said: We lost India to China - know the full story

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके रूस और भारत से रिश्ते खत्म होते नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अमेरिका ने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। पोस्ट के साथ ट्रंप ने चीन में हुए शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ नजर आ रहे हैं। ऐसा करते हुए ट्रंप ने भारत और रूस के साथ संबंध खत्म करने के संकेत दिए हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘लगता है हमने भारत और रूस को सबसे अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया है। ईश्वर करे कि उनका भविष्य लंबा और समृद्ध हो!’ ट्रंप ने एससीओ समिट की तस्वीर शेयर करते हुए संकेत दिया है कि रूस और भारत के चीन की तरफ जाने को वह अमेरिका के साथ रिश्ते खत्म करने की तरह देख रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से की गई इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं है।

टैरिफ से बढ़ा तनाव
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। अमेरिकी सरकार ने बीते महीने भारत के सामानों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। इससे दोनों देशों के बीच तनाव है। वहीं रूस के साथ यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर अमेरिका की तनातनी बढ़ हुई है। इस घटनाक्रम के बीच रूसी राष्ट्रपति पुतिन और पीएम नरेंद्र मोदी ने इस महीने की शुरुआत में चीन का दौरा किया है।

चीन में एससीओ समिट के लिए पुतिन और मोदी पहुंचे। दोनों नेताओं की चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के साथ मुलाकात हुई। रूस, चीन और भारत के नेताओं के साथ आने को अमेरिका को जवाब देने की तरह देखा गया है। एक्सपर्ट का कहना है कि मोदी ने चीन जाकर ट्रंप को सख्त संदेश दिया है। ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट से लगता है उनको मोदी, जिनपिंग और पुतिन की बैठक से धक्का पहुंचा है।

भारत पर हमलावर हैं ट्रंप
ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ के बाद भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंध काफी नीचे पहुंच गए हैं। अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी बेस टैरिफ और रूसी तेल की निरंतर खरीद पर 25 फीसदी का अतिरिक्त शुल्क लगाया है। रूस से तेल खरीद और अमेरिकी सामानों पर शुल्क को लेकर ट्रंप भारत पर हमलावर हैं।

ट्रंप ने इसी हफ्ते कहा था कि भारत की व्यापार नीतियां एकतरफा और अमेरिकी हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि भारत के साथ उनके रिश्ते काफी अच्छे रहे हैं लेकिन भारतीय आयात पर 50 फीसद का शुल्क अमेरिकी हित में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत वर्षों से हमारे सामानों पर बहुत ज्यादा शुल्क लगा रहा है।