MLA Fight In Bidar Meeting: कर्नाटक के बीदर में सोमवार 5 जनवरी 2025 को कर्नाटक डेवलेपमेंट प्रोग्राम की एक बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें भाजपा विधायक और कांग्रेस MLC के बीच झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ा की दोनों के बीच हाथापाई होते-होते बची. भाजपा के हुमनाबाद विधायक सिद्दू पाटिल और कांग्रेस के MLC भीमराव पाटिल समेत 2 नेताओं के बीच एक लेआउट मुद्दे पर बहस छिड़ गई, जो आगे चलकर झड़प में बदल गई. यह सबकुछ राज्य मंत्री ईश्वर खंड्रे की उपस्थिति में हुआ.
बैठक में हुई झड़प
यह घटना बीदर जिला पंचायत हॉल में देखने को मिली. यहां कर्नाटक विकास कार्यक्रम (KDP) की बैठक चल रही थी. बैठक शुरू होने के आधे घंटे बाद ही विवाद शुरु हो गया जब सिद्दू पाटिल ने हुमनाबाद कस्बे के चिक्कापेट इलाके में विकसित किए जा रहे एक लेआउट का मुद्दा उठाया. चर्चा बढ़ने पर दोनों नेताओं के बीच बहस छिड़ गई. आरोप है कि दोनों ने एक-दूसरे को जमकर अपशब्द भी कहे.
स्थगित हुई बैठक
मामला तब और बिगड़ गया जब भीमराव पाटिल ने कथित तौर पर सिद्दू पर हमला करने की कोशिश की. उस समय बीदर के ASP चंद्रकांत पुजारी ने हस्तक्षेप करते हुए उसे रोका. झड़प के बाद KDP की बैठक कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई. बाद में खांद्रे ने व्यवस्था बहाल करने के बाद बैठक दोबारा शुरू की. इंटरनेट पर इस झड़प का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे पर चिल्लाते नजर आ रहे हैं.
हाथापाई में उतरे नेता
वीडियो के मुताबिक झड़प के कुछ देर बाद कांग्रेस MLC अपनी कुर्सी से उठकर सीधा बीजेपी विधायक को मारने के लिए आगे बढ़े. पुलिस के अलावा कमरे में मौजूद बाकी लोगों ने भी धक्का देकर नेताओं को रोका और स्थिति संभाली. बता दें कि दोनों नेताओं ने एक दूसरे को जमकर गालियां की. घटना के बाद प्रभारी मंत्री ने मीटिंग को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया.