कोहरे ने थाम दी MP की रफ्तार! 30 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा, 24 जिलों में स्कूल बंद

MP Mein Aaj ka Mausam: मध्यप्रदेश में जनवरी की ठंड अब लोगों की दिनचर्या पर भारी पड़ने लगी है. सुबह होते ही सड़कों पर धुंध की मोटी चादर बिछ जा रही है और कई जगह तो हालात ऐसे हैं कि सामने कुछ मीटर तक भी दिखाई नहीं दे रहा. घना कोहरा, तेज सर्दी और शीतलहर तीनों ने मिलकर पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले तीन दिन तक राहत की उम्मीद कम है.
भोपाल से खजुराहो तक छाया घना कोहरा
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई. हालात सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खजुराहो जैसे पर्यटन शहरों में भी कोहरे का असर साफ दिखाई दिया. हाईवे हों या शहर की सड़कें, हर जगह वाहन रेंगते नजर आए. मौसम विभाग के मुताबिक आज भी 30 से ज्यादा जिलों में कोहरे का असर बना रहेगा. खासकर सुबह और देर रात के समय लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है.

कोहरे के साथ-साथ ठंडी हवाओं ने सर्दी को और भी तीखा बना दिया है. कोल्ड वेव यानी शीतलहर का असर उत्तर और मध्य मध्यप्रदेश में ज्यादा महसूस किया जा रहा है. मौसम केंद्र का कहना है कि आने वाले कुछ दिन कड़ाके की सर्दी वाले रहेंगे और तापमान में खास बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है.

24 जिलों में स्कूलों की छुट्टी
बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. प्रदेश के 24 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है. इनमें इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, नीमच, मंदसौर, विदिशा, हरदा समेत कई जिले शामिल हैं. वहीं राजधानी भोपाल के साथ धार और सागर जिले में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को सुबह की कड़ाके की ठंड से बचाया जा सके.

आम लोगों की बढ़ी परेशानी
कोहरे की वजह से ट्रेन और बस यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगह वाहनों की रफ्तार थम गई है. सुबह दफ्तर जाने वाले लोग और स्कूल बसें खास तौर पर प्रभावित हो रही हैं.

मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत सुबह जल्दी बाहर न निकलें. वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, स्पीड कम रखें और गर्म कपड़े जरूर पहनें. बुजुर्गों और बच्चों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.