मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में ‘नो हेलमेट नो हाईवे’ अभियान के तहत स्टेट हाईवे 59 पर चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान रोहाना टोल प्लाजा पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में हुआ।
इस दौरान एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और एसपी सिद्धार्थ के मिश्रा के नेतृत्व में शहर कोतवाल बबलू कुमार तथा रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
चेकिंग के दौरान कुछ वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए सख्ती से कहा गया। वहीं, कई ऐसे वाहनों को वापस लौटा दिया गया जिनके चालक हेलमेट नहीं पहने थे।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाया जा रहा है। यह अभियान एक सप्ताह तक जारी रहेगा, जिसमें चालकों को हाईवे पर हेलमेट पहनकर या साथ लेकर चलने की हिदायत दी जाएगी।