मुजफ्फरनगर में कोहरे के चलते बुग्गी से भिड गई स्कॉर्पियो, मचा हडकंप

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में गुरुवार देर रात घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ना डालकर लौट रहे किसानों की बुग्गी को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बुग्गी में जुते भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई।

जानिए पूरा मामला…

मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र के जसौला मार्ग पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि रात के समय कोहरा इतना घना था कि सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी कारण वाहन चालकों को आगे की स्थिति साफ नजर नहीं आ रही थी। इस दौरान खतौली तहसील में तैनात पटवारी विपिन मोतला अपनी स्कॉर्पियो से ड्यूटी के बाद अपने गांव ककराला लौट रहे थे। शाहपुर गांव के पास उन्होंने किसानों की बुग्गी को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और वाहन बुग्गी से जा टकराया।

टक्कर में बुग्गी पूरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी भीषण थी कि बुग्गी के परखच्चे उड़ गए और उसमें जुता भैंसा मौके पर ही दम तोड़ बैठा। हादसे में पिपलहेड़ा निवासी किसान आशीष शर्मा और अनंत कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही खतौली मंडी चौकी इंचार्ज विनय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था भी संभाली।

स्कॉर्पियो जब्त, जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। हादसे में स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हुई है और चालक पटवारी को भी हल्की अंदरूनी चोटें आई हैं।