मातम में बदल गई शादी की खुशियां! गैस सिलेंडर फटने से दूल्हा-दुल्हन समेत 8 की मौत, 7 घायल

Pakistan gas cylinder explosion news: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को शादी के जश्न मातम में बदल गया. समारोह के दौरान गैस सिलेंडर फटने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में दूल्हा और दुल्हन भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब शादी के बाद घर में मौजूद रिश्तेदार सो रहे थे. विस्फोट के बाद लगी आग से घर का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें 7 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

DIG ने पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया

इस्लामाबाद पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही DIG मोहम्मद जावेद तारिक खुद मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. उनके साथ ही कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राहत टीमें भी मौजूद रहीं, जिन्होंने मिलकर बचाव कार्य किया.

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

पुलिस के अनुसार, इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है. जिससे बचाव कार्य में कोई रुकावट न आए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोक बुरा हाल है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कुछ समय पहले का हंसता-खेलता परिवार अचानक कैसे उजड़ सकता है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस दर्दनाक घटना पर दुख जताया है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों से घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने इस हादसे की पूरी जांच कराने के भी आदेश दिए हैं.

पाकिस्तान में पहली बार नहीं हुई ये घटना

बताते चलें कि पाकिस्तान में यह पहली बार नहीं है, जब गैस सिलेंडर फटने की घटना हुई हो. वहां पर पहले भी इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. जिनमें कई लोगों की जान चली गई है.