राजस्थान में अब यहां बनेगा ₹9,700 करोड़ का मेगा सोलर पार्क, भड़ला को भी छोड़ेगा पीछे!

Rajasthan Mega Solar Project: बीकानेर के पूगल में ₹9,700 करोड़ की लागत से 2450 मेगावाट का देश का सबसे बड़ा सोलर-प्लस-स्टोरेज पार्क बनने जा रहा है. यह जोधपुर के भड़ला पार्क का रिकॉर्ड तोड़कर रात में भी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने वाला सबसे उन्नत केंद्र बनेगा.

राजस्थान की तपती धूप अब न केवल राज्य को रोशन करेगी, बल्कि देश के ऊर्जा इतिहास में एक नया अध्याय भी लिखेगी. बीकानेर जिले के पूगल (Pugal) में करीब ₹9,700 करोड़ की लागत से एक नया और विशाल सोलर पार्क स्थापित होने जा रहा है. यह परियोजना न केवल क्षमता के मामले में जोधपुर के विश्वप्रसिद्ध भड़ला सोलर पार्क को पीछे छोड़ देगी, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक के मामले में भी देश में सबसे आगे होगी.

अब तक जोधपुर का भड़ला सोलर पार्क (2245 MW) भारत का सबसे बड़ा और विश्व के चुनिंदा विशाल पार्कों में शुमार रहा है. लेकिन पूगल में बनने वाला यह नया पार्क अपनी 2450 मेगावाट (MW) क्षमता के साथ इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देगा.