मकर संक्रांति से पहले कड़ाके की ठंड से कांपा बिहार! चंपारण, सीमांचल में जबरदस्त सर्दी, जानें अन्य जिलों का हाल

Bihar Weather Report Today: बिहार में हाड़तोड़ सर्दी का प्रकोप जारी है. पहाड़ों राज्यों में हुई बर्फबारी से अब मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है. बिहार में मकर संक्रांति से पहले चली शीतलहरी से पूरा प्रदेश कांप रहा है. बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. सोमवार (12 जनवरी) को राजधानी पटना में दिन चढ़ने के साथ ही धूप देखने को मिली, लेकिन बर्फीली हवाओं के चलते कंपकपी भी महसूस होती रही. शीतलहर के चलते मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बिहार के मुकाबले उत्तर बिहार में ज्यादा ठंड पड़ेगी.

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (मंगलवार, 13 जनवरी) पश्चिम और पूर्वी चंपारण समेत सीमांचल के सभी जिलों में कड़ाके की ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में कोल्ड-डे घोषित करते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. यहां भयंकर कोहरा देखने को मिल सकता है. अच्छी बात यह है कि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. आज ज्यादातर हिस्सों में धूप देखने को मिल सकती है. हालांकि, तेज रफ्तार से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण गलन महसूस होगी.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी हरियाणा और आसपास इलाकों में समद्रु तल से 1.5 और 3.1 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके कारण बिहार में भयंकर ठंड पड़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है. इस कारण से बिहार में अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि, इस दौरान राज्य के अनेक जिलों में मध्यम से घना स्तर कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. फिलहाल, ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है. अगले 10 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है.