रहकड़ा में 50 साल पुराना रास्ता बंद: श्मशान भूमि की पैमाइश के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के रहकड़ा में राजस्व विभाग की टीम ने श्मशान भूमि की पैमाइश के बाद 50 साल पुराने रास्ते को बंद कर दिया। इस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।

यह घटना भोपा मार्ग पर स्थित रहकड़ा गांव में हुई। राजस्व विभाग की टीम में नायब तहसीलदार विपिन कुमार, राजस्व निरीक्षक प्रमोदपाल, लेखपाल सचिन बालियान और अंकित कुमार के साथ ग्राम सचिव योगेश धीमान शामिल थे। टीम ने श्मशान भूमि की पैमाइश की और जेसीबी मशीन से मेड़बंदी कराई। इसी दौरान, श्मशान में बने लगभग पचास साल पुराने रास्ते को भी जेसीबी से बंद कर दिया गया।

रास्ता बंद होते देख ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने जेसीबी मशीन को रुकवा दिया। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर वापस भेजा। ग्राम प्रधान पति परवेज आलम ने प्रशासन की इस कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने कहा कि यह रास्ता आधी सदी से अस्तित्व में है और पूर्व प्रधान ने इसे विकसित कराया था। आलम ने यह भी बताया कि रास्ते का मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है, इसके बावजूद प्रशासन ने रास्ता बंद कर दिया। उन्होंने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही।