शिमला। भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी सचिन शर्मा ने अतिरिक्त उपायुक्त शिमला के पद का कार्यभार वीरवार को संभाल लिया है। इससे पूर्व सचिन शर्मा एसडीएम अंब के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी योग्य और पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इसके साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित निपटारा भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि 21 और 22 जनवरी को एंटी चिट्टा अभियान को लेकर आयोजित की जा रही ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जाएगा।
सचिन शर्मा 2022 बैच के आईएएस अधिकारी
हरियाणा के झज्जर जिला से संबंध रखने वाले सचिन शर्मा 2022 बैच के आईएएस अधिकारी है। इन्होंने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी। इस परीक्षा में इन्होंने 233वीं रैंक हासिल किया था। इनकी पढ़ाई गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित स्कूल से 12वीं तक हुई है। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक किया।
पत्नी एचपीयू में कार्यरत
सचिन शर्मा की पत्नी डॉ. आस्था शर्मा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एवलॉज में लॉ विभाग में सहायक आचार्य के पद पर सेवारत हैं। सचिन शर्मा डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के दामाद हैं।