पानीपत: हरियाणा के पानीपत में आस्था के नाम पर लोगों को ठगने और उनके साथ रेप जैसी दरिंदगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक तांत्रिक ने लड़के की बीमारी और उस पर कथित ऊपरी साए को दूर करने का झांसा देकर लड़के की मां के साथ रेप किया।
आरोपी तांत्रिक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर पानीपत से असम अपहरण कर ले गया और 10 दिनों तक कामाख्या के जंगलों में उसे बंधक बनाकर उसके साथ रेप करता रहा। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी तांत्रिक को गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
ममता का फायदा और तांत्रिक का मायाजाल: पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा काफी समय से बीमार चल रहा था और उसे अक्सर शरीर में दर्द रहता था। अपने बच्चे के कष्ट को दूर करने के लिए वह एक बाबा (तांत्रिक) के संपर्क में आई। तांत्रिक ने उसे भरोसा दिलाया कि उसके बेटे पर किसी का साया है, जिसे वह अपनी तंत्र-विद्या से ठीक कर देगा। पीड़िता ने उस पर भरोसा कर लिया।
यमुना किनारे बुलाकर नशा दिया: महिला ने बताया कि तांत्रिक ने शुद्धि के नाम पर उसे पानीपत में यमुना नदी के किनारे बुलाया। पीड़िता के अनुसार, उसे 1 जनवरी को बुलाया था, जहां उसे किसी प्रकार का प्रसाद दिया गया। इसके बाद 3 जनवरी को फिर से उसे बुलाया। 4 जनवरी को आरोपी ने पीड़िता के गांव में ही एक ऑटो भेजा, ताकि उसे लाया जा सके। रास्ते में तांत्रिक ने महिला को खाना दिया, जिसमें कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। खाना खाते ही महिला बेसुध हो गई।
बेसुध हालत में अपहरण, 10 दिन तक रेप: पीड़िता ने बताया- जब मुझे होश आया तो मैंने खुद को असम में कामाख्या के घने जंगलों में एक अनजान कमरे में पाया। मुझे वहां बंधक बनाकर रखा गया था। इसके बाद अगले 10 दिनों तक तांत्रिक ने मेरे साथ रेप किया। मैं मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन जंगलों में मेरी सुनने वाला कोई नहीं था।
महिला बोली- दरिंदे को सख्त से सख्त सजा मिले: महिला के अनुसार, कामाख्या के बाद आरोपी उसे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ले गया, जहां से वह पुलिस की सक्रियता के कारण पकड़ा गया। महिला के गायब होने के बाद उसके परिजन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने महिला की लोकेशन ट्रेस की और उसे बरामद कर लिया। अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए पीड़िता ने रुंधे गले से कहा, “मैं बस इतना चाहती हूं कि उस दरिंदे को सख्त से सख्त सजा मिले, ताकि वह किसी और औरत के साथ ऐसा न कर सके।”
महिला पुलिसकर्मियों के साथी बीच में खड़ी पीड़ित महिला और उसके परिजन।
पुलिस ने पाखंडियों के बहकावे में न आने की अपील की इस मामले में पुलिस का कहना है कि अब आरोपी तांत्रिक के साथियों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं। मुख्य आरोपी के खिलाफ अपहरण, नशीला पदार्थ देने और गैंग रेप जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। लोगों से अपील की है कि वे ऐसे पाखंडियों के बहकावे में न आएं।