मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे में करंट उतरने से एक घोड़े की मौत हो गई। हादसे में घोड़ा चालक लोकेश प्रजापति बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी लोकेश प्रजापति पुत्र राम भजन अपने घोड़े के साथ गांव गढ़ी में फेरी लगाने गया था। गांव में एक बिजली के खंभे के पास से गुजरते समय खंभे में उतर रहे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में घोड़ा आ गया। करंट इतना तेज था कि घोड़े ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उनका आरोप है कि शाहपुर बिजली घर को जर्जर तारों और खंभों में करंट उतरने की शिकायतें कई बार की गई थीं। हालांकि, विभाग ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
पीड़ित लोकेश प्रजापति ने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई और घोड़े के लिए मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और पीड़ित को न्याय नहीं मिला, तो वे प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल, घटना के बाद इलाके में बिजली विभाग के प्रति असंतोष है। प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।