मैं भगवान के सिर पर खड़ा होकर बोल रहा… गणेश पंडाल में एमपी के मंत्री की फिसली जुबान

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक और वन पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार की जुबान फिसली है। उन्होंने गणेश प्रतिमा के पंडाल में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं भगवान के सिर पर खड़ा होकर बोल रहा हूं। इस पूरे घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। दरअसल, यह मामला एक दिन पहले का है। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री दिलीप अहिरवार अपने क्षेत्र में एक गणेश पंडाल में पहुंचे थे। वहां उन्होंने जनता को संबोधित किया। उनके संबोधन के दौरान कोई फेसबुक पर लाइव था। उसी का वीडियो अब सोशल मीडिया वायरल हुआ है।

खुद को बताया जनता का सेवक
दिलीप अहिरवार यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मैं भगवान के सिर पर खड़ा होकर बोल रहा हूं। मैं एक बेहद सामान्य सा व्यक्ति हूं। मंत्री और विधायक बाद में हूं। दिलीप अहिरवार आगे कहते हैं कि मुझे गर्व है कि आप सबने मुझे आशीर्वाद दिया। मैं विधायक बना और सरकार ने मुझे मंत्री बनाया और अब मैं आप सब के बीच में हूं। मैं विश्वास दिलाता हूं की कभी भी आपका भरोसा और सम्मान नहीं झुकने दूंगा।

सीएम मोहन यादव के हैं करीबी
बता दें कि दिलीप अहिरवार मुख्यमंत्री मोहन यादव के नजदीकी माने जाते हैं। उन्हें पहली बार बीजेपी ने चंदला जो की अनुसूचित जाती के लिए आरक्षित है सीट से टिकट दिया। दिलीप अहिरवार ने न सिर्फ जीत दर्ज की बल्कि मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री भी बने।

दूसरे का टिकट काटकर मिला था मौका
चंदला विधानसभा पर पिछले 15 सालों से बीजेपी काबिज रही है। इससे पहले 2013 से 2018 RD प्रजापति विधायक रहे। उसके बाद 2018 से 2023 RD प्रजापति के बेटे राजेश प्रजापति विधायक रहे। 2023 में राजेश प्रजापति का टिकट काट कर दिलीप अहिरवार को मैदान में उतारा गया।