हिमाचल में अब तक 350+ लोगों की मौत: उत्तराखंड में बादल फटा

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन (24 जुलाई से लेकर 7 अगस्त) तक बारिश-बाढ़, लैंडस्लाइड से जुड़ी घटनाओं में 366 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार को ₹4 लाख करोड़ की संपत्ति का नुकसान भी हुआ है। शिमला में 116% और कुल्लू में 113% बारिश हुई, जो सामान्य से दोगुनी है।

पंजाब के सभी 23 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन लुधियाना का ससराली बांध टूटने का खतरा बना हुआ है। पीएम मोदी 9 सितंबर को बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नौगांव में शनिवार शाम को बादल फटा। बाजार और कई घरों में पानी-मलबा घुस गया। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी बह गईं। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी शहर से 1 किमी दूर तक पहुंच गई है। घाट किनारे के आश्रमों में 5 फीट तक पानी भरा है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग पानी में डूबा है।

जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद, अस्थायी रास्ता बनाया गया
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) के बंद रहने के कारण यात्री और स्थानीय लोग ढही हुई पहाड़ी पर बने अस्थायी रास्ते से जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की टीम मदद कर रही है।

राजस्थान के जालोर में कल स्कूलों की छुट्टी
राजस्थान के जालोर में सोमवार को भारी बारिश के अलर्ट के चलते कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी-प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

हरियाणा: हिसार में छत गिरी, मलबे में लड़का दबा
हिसार में बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई, जिससे 17 साल का लड़का घायल हो गया। यह हादसा बरवाला शहर में देर रात को शहर के वार्ड नंबर 18 में हुआ। घायल हुए प्रिंस को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हड्डियों में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है।

पीड़ित परिवार के मुखिया बलवंत ने बताया कि पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश का पानी छत और दीवारों में भर गया था। इसी कारण मकान की दीवारों में दरारें आने लगी थीं। देर रात प्रिंस कमरे में बैठा हुआ था कि अचानक छत गिर गई। छत गिरने से प्रिंस मलबे के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

तेलंगाना के वारंगल में बाढ़ के पानी में बस फंसी
तेलंगाना के वारंगल में एक बस बाढ़ के पानी में फंस गई। तेलंगाना पुलिस ने आज सुबह सभी यात्रियों को बचा लिया।

गुजरात में विश्वामित्री नदी का जलस्तर बढ़ गया
गुजरात में विश्वामित्री नदी का जलस्तर बढ़ गया है। आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति है। वडोदरा में प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटी जा रही है।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में रावी नदी का जलस्तर बढ़ा
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में रावी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जम्मू-पठानकोट हाईवे को बाढ़ से बचाने के लिए सेना जुटी है।

PM मोदी 9 सितंबर को बाढ़ प्रभावित पंजाब का दौरा करेंगे
पीएम मोदी बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए 9 सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को यह जानकारी दी। इससे पहले, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब का दौरा किया था। पंजाब में बाढ़ के कारण अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1.75 लाख हेक्टेयर की फसलें बर्बाद हो गई हैं।