मध्य प्रदेश में सरकारी टीचर ने क्लास 1 की छात्रा को बनाया हवस का शिकार, जांच में जुटी पुलिस

टीकमगढ़: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना क्षेत्र में 30 जनवरी 2026 को सरकारी स्कूल के टीचर ने 6 साल की छात्रा से कथित तौर पर रेप को अंजाम दिया। इस घटना ने शिक्षा के मंदिर को तार-तार रख दिया है। आरोपी की उम्र 58 साल है और अब वह पुलिस की गिरफ्त में है। पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार हुए आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में भी पेश किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता गुरुवार सुबह जब स्कूल पहुंची तो टीचर ने उसके साथ रेप किया और इसके बाद जब बच्ची घर वापस आई तो परिवार को इस घटना की जानकारी दी। बच्ची रोज की तरह स्कूल में पढ़ाई करने पहुंची थी मगर आरोपी टीचर उसे बहला-फुसलाकर स्कूल की निर्माणधीन क्लास में ले गया। इस दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और जब वह रोने और चिल्लाने लगी तो उसे धमकाने लगा। इस दौरान टीचर ने छात्रा से कहा का वह इस बारे में किसी को भी न बताए। इसका बाद आरोपी टीचर स्कूल परिसर से ही निकल गया।

परिवारवालों ने किया थाने के बाहर प्रदर्शन
परिवार के सदस्य और गांव के लोगों ने परेला पुलिस स्टेशन का घेराव कर मामले पर तुरंत कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्रोटेक्शन आफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल अफेंसेस एक्ट (पॉक्सो) और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले पर क्या कहा?
टीकमगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विक्रम सिंह ने एएनआई से बातचीत में कहा, ‘जिले के पलेरा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एक सरकारी स्कूल के टीचर ने नाबालिग लड़की के साथ कथित रेप की घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद, आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय साहित्य (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’