रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, सलमान समेत कई सेलेब्स के साथ हुई ऐसी ही घटना

मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई में मौजूद घर के बाहर चार राउंड फायरिंग हुई है। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस उनके घर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षित किया। रोहित शेट्टी मुंबई के जुहू इलाके में रहते हैं। यहां बॉलीवुड के कई कलाकारों के भी घर हैं।

घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात को करीब 3 बजे अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घर के बाहर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि फायरिंग करने के पीछे हमलावरों का क्या मकसद था। हमले की अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

कौन हैं रोहित शेट्टी?
रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे मशहूर निर्देशकों में से एक हैं। वह पटकथा लेखक और निर्माता भी हैं। वह एक्शन, कॉमेडी और मसाला फिल्में करने के लिए जाने जाते हैं। 14 मार्च 1974 को मुंबई में जन्मे रोहित शेट्टी के पिता मुद्दू बाबू शेट्टी स्टंट डायरेक्टर थे।

रोहित शेट्टी का करियर
रोहित शेट्टी ने साल 2003 में बॉलीवुड फिल्म ‘जमीन’ के निर्देशन से बॉलीवुड में डेब्यू किया। उन्हें ‘गोलमाल’ और ‘सिंघम’ फ्रेंचाइजी की फिल्मों का निर्देशन करने के लिए जाना जाता है। रोहित शेट्टी ने ‘बोल बच्चन’ और ‘चेन्नई एक्स्प्रेस’ जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया है। फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में नामांकन मिला।

इन कलाकारों के यहां भी हुई फायरिंग।।।।

कपिल शर्मा
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा में मौजूद कैप्स कैफे पर तीन बार फायरिंग की गई। पहली बार 10 जुलाई 2025 को, दूसरी बार 7 अगस्त 2025 और तीसरी बार अक्तूबर 2025 में फायरिंग हुई थी। हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी।

दिशा पाटनी
12 सितंबर 2025 को अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली में मौजूद घर के बाहर दो हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी। हमला करने वाले दोनों आरोपी एनकाउंटर में मारे गए थे।

सलमान खान
इससे पहले सलमान खान के घर के बाहर 14 अप्रैल 2024 को अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी। इस मामले में 2 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। दोनों को जमानत भी मिल गई है।

एपी ढिल्लों
मशूहर पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर के बाहर सितंबर 2024 में कुछ अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रोहित गोडारा ने ली थी।

एल्विश यादव
17 अगस्त 2025 की सुबह करीब 5 बजे यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग हुई थी। इस हमले की किसी ने भी जिम्मेदारी नहीं ली थी। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।