हरियाणा के इस बुजुर्ग ने तो हद कर दी, बस का किराया बचाने के लिए खरीदी पुलिस की वर्दी

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपकी भी हंसी छूट जाएगी। दरअसल पुलिस ने यहां एक नकली इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी की उम्र 69 साल है। आरोपी का नाम राजेंद्र है और वो झज्जर जिले का रहने वाला है। वो अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। बसों में किराया न लगे इसलिए उसने पुलिस की वर्दी खरीदकर पहनी थी। सोनीपत सदर थाना पुलिस ने गांव भटगांव से उसे हिरासत में लिया है और उसे थाना में पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह बताया जा रहा है कि वह गांव भटगांव में एक रिश्तेदारी में पहुंचा था और रौब दिखा रहा था।

दो दिन पहले पहनी थी वर्दी
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दो दिन पहले ही यह वर्दी खरीदी थी। बस में उसका किराया न लगे, इसलिए वो वर्दी पहनकर सोनीपत पहुंचा था। एक गुप्त सूचना मिलने पर इसे क्राइम ब्रांच और सदर थाना पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। उसने पुलिस को बताया कि 2002 में कैथल में एक भ्रष्टाचार के केस में सस्पेंड हुआ था। इसी केस में उसने जेल में सजा भी काटी थी। इसके बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, पता लगाने पर उसकी यह बात भी झूठ निकली। उसने पुलिस को बताया था कि वह 1992 में भर्ती हुआ। जांच में तब उसकी उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास थी। ऐसे में वह भी झूठ निकला।

पुलिस ने क्या बताया
इस मामले की शुरुआती जांच की जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार राजेंद्र निवासी जिला झज्जर को नकली इंस्पेक्टर की वर्दी पहने गांव भटगांव से हिरासत में लिया गया है। अब इससे पूछताछ की जा रही है कि आखिरकार क्यों इसने यह वर्दी पहनी और यह यहां क्या करने आया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।