बडी खबरः रोहित शेट्टी घर पर अंधाधुंध फायरिंग, गोलियों से गूजा इलाका-मचा हडकंप

Breaking news: Rohit Shetty's house attacked with indiscriminate firing, area rocked by gunshots - panic ensues.
Breaking news: Rohit Shetty's house attacked with indiscriminate firing, area rocked by gunshots - panic ensues.

मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के आवास पर ‘शेट्टी टावर्स’ के बाहर फायरिंग हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के समय रोहित शेट्टी अपने घर के अंदर ही मौजूद थे। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन इस घटना ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। इस घटना को लेकर मुंबई पुलिस के आला अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।

गोलियों की गूंज से इलाका दहला
पुलिस के अनुसार, रोहित शेट्टी के जुहू स्थित ‘शेट्टी टावर्स’ के बाहर अज्ञात हमलावरों ने रात करीब 12:45 बजे पांच राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर रोहित शेट्टी के सुरक्षा गार्ड ने तुरंत उन्हें सूचित किया और जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

इस घटना ने हड़कंप मचा दिया है। जिस इलाके में यह घटना हुई, वह मुंबई का हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है, जहां अमिताभ बच्चन सहित कई नामी फिल्मी हस्तियों के घर हैं।

घर में मौजूद थे रोहित शेट्टी
प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने बिल्डिंग के बाहर से 5 राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि जब फायरिंग हुई तो रोहित शेट्टी भी अंदर ही मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया।

दीवारों पर गोलियों के निशान
राहत की बात यह है कि इस गोलीबारी की घटना में कोई घायल नहीं हुआ। रोहित शेट्टी और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है और वहां से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। रोहित शेट्टी के घर पर तीन गोलियों के निशान मिले हैं। बालकनी में लगी कांच भी गोली लगने से टूट गई है।

हमलावरों की तलाश में जुटी मुंबई पुलिस
इस सनसनीखेज घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस हर आने-जाने वाले वाहन और व्यक्ति पर नजर रख रही है। पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को भी जांच में शामिल किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए 12 विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास की इमारतों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की संख्या और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक इस हमले के पीछे का मकसद साफ नहीं हो पाया है। लेकिन घटना से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

सलमान खान के घर पर भी हुआ था हमला
इस घटना ने साल 2024 में अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर हुई फायरिंग की याद दिला दी है। उस समय भी रात में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे। ताजा घटना ने एक बार फिर मुंबई में सेलेब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।