मुजफ्फरनगर में “गुप्ता कैफ़े” पहले पुलिस ने दी थी क्लीन चिट, अब किया सील

मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित गुप्ता कैफे को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस के लगातार बदलते रुख ने शहर में नई बहस और सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस कैफे को एक दिन पहले तक पुलिस पूरी तरह “सब साफ” बताते हुए क्लीन चिट दे रही थी, उसी कैफे को अब संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में सील कर दिया गया है। पुलिस की इस पलटी ने उसकी कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के नेता संजय कुमार मिश्रा और अचिंत मित्तल आदि ने कुछ अन्य लोगों के साथ नई मंडी में गौशाला रोड पर स्थित गुप्ता कैफे पर धावा बोला था। संजय मिश्रा का आरोप था कि कैफे में लंबे समय से संदिग्ध और अश्लील गतिविधियां संचालित हो रही हैं। उनका कहना था कि युवक-युवतियां घंटों के हिसाब से केबिन किराए पर लेकर आपत्तिजनक हरकतें करते हैं और मौके पर इसके सबूत भी मिले हैं।

इस दौरान भीड़ ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि एक युवती भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गई थी। घटना के बाद मोहल्ले में भारी हंगामा भी हुआ था ।

मामले में उस वक्त नया मोड़ आया जब नई मंडी के सीओ राजकुमार साव मीडिया के सामने आए और गुप्ता कैफे को पूरी तरह क्लीन चिट दे दी। सीओ ने पूरे मामले को फर्जी करार देते हुए कहा कि जांच में कोई आपत्तिजनक गतिविधि या सामग्री नहीं मिली है और कैफे पूरी तरह साफ-सुथरा है।उन्होंने बताया था कि पुलिस ने कैफ़े और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खँगाला है कहीं भी कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला है

पुलिस के इस बयान के बाद शहर में चर्चाएं तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर पुलिस पर सवाल उठने लगे । यह बात सामने आने लगी कि गुप्ता कैफे का मालिक एक मंत्री का रिश्तेदार बताया जा रहा है और मंत्री के दबाव में पुलिस ने कैफे को जल्दबाजी में क्लीन चिट दे दी।

इसी बीच सवाल उठने लगे कि जब मौके पर मौजूद लोगों ने आपत्तिजनक स्थिति और सामग्री देखने का दावा किया, तो पुलिस ने बिना ठोस कार्रवाई के आनन फ़ानन में ही क्लीन चिट कैसे दे दी ?

मामला मीडिया की सुर्खियों में आने और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने के बाद एक बार फिर बड़ा मोड़ आया। पुलिस ने अपना रुख बदलते हुए गुप्ता कैफे को सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर स्वयं मौके पर पहुंचे और कैफे को सील करने की कार्रवाई की गई।