राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई. सर्वाधिक बारिश भैंसरोड़गढ़, चित्तौड़गढ़ में 13.0 मिमी दर्ज की गई.
राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम कोहरा भी दर्ज किया गया. राजस्थान में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि न्यूनतम तापमान पाली में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया.
आज एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के ऊपर एक परिसंचण तंत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव से दक्षिण पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां आगामी दो-तीन दिन जारी रहने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.
इस दौरान कोटा उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. राज्य के उत्तर पश्चिमी व पूर्वी भागों में आगामी दो-तीन दिन कहीं-कहीं घना कोहरा भी दर्ज होने की संभावना है. मौसम विभाग ने मेघ गर्जन के समय कृपया घर के अंदर रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने आज 2 फरवरी को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. जिसमें बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और आसपास के क्षेत्रों शामिल हैं.
इन इलाकों में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं पर तेज हवा (20-30 kmph) चलने की संभावना जताई गई है.