नई दिल्ली। राजस्थान के कोटपूतली में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, यहां एक बच्चे की अपने घर में पिस्तौल से खेलते समय ट्रिगर दबने से मौत हो गई। घटना का समय 5 साल का बच्चा घर पर अकेला था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विराटनगर क्षेत्र के चितौली का बरदा गांव में देवांशु नाम का बच्चा अपने घर पर खेल रहा था। खेलते समय उसे एक डिब्बे में रखी देसी पिस्तौल मिल गई। और वो पिस्तौल से खेलने लगा, इसी दौरान उसने ट्रिगर दबा दिया और गोली उसके सिर में लग गई। पुलिस ने बताया कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त घर पर अकेला था बच्चा
जब यह हादसा हुआ तब उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। जब पड़ोसियों ने गोली की आवाज सुनी, तो वे मौके पर पहुंचे और बच्चे को खून से लथपथ देखा। फिर उन्होंने माता-पिता और पुलिस को घटना की सूचना दी। बच्चे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपने माता-पिता की इकलौती संतान था देवांशु
देवांशु के पिता मुकेश एक डिफेंस अकादमी चलाते थे। हालांकि, एक साल पहले उन्होंने अकादमी बंद कर दी और अपनी पत्नी, जो एक लोक गायिका हैं, उनके साथ गाना शुरू कर दिया। देवांशु उनकी इकलौती संतान था।