मुजफ्फरनगर में साइबर ठगों के साथ मिलकर की 80 करोड़ की ठगी-मच गया हडकंप

मुजफ्फरनगर : साइबर थाना और फुगाना पुलिस ने आनलाइन लुटेरों को फर्जी दस्तावेजों पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का राजफाश किया है। एक वर्ष में यह गिरोह विदेशी साइबर ठगों के साथ मिलकर 100 से अधिक लोगों से 80 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस ने गिरोह के छह युवकों को पकड़ा है, जबकि इनके दो साथी फरार हैं। इनके कब्जे से मोबाइल, एटीएम कार्ड, सात बैंकों की प्री-एक्टिवेटेड किट तथा उपकरणों के अलावा नगदी बरामद हुई है।

पुलिस लाइन सभागार में हुई पत्रकार वार्ता में एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि विगत दिवस महाराष्ट्र मेक माई ट्रिप के माध्यम से फर्जी क्यूआर कोड भेजकर एक यात्री से 50 हजार ठगी की गई। ठगी से वसूली गई रकम मुजफ्फरनगर के फुगाना में अक्षय पुत्र ऋषिपाल के खाते में आने के बाद निकाला गया। जिसके आधार पर साइबर क्राइम थाना प्रभारी सुल्तान सिंह की टीम ने गहनता से जांच की।

मोबाइल नंबरों की काल रिकार्ड, बैंक खातों की कुंडली खंगाली तो बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने अक्षय पुत्र ऋषिपाल निवासी फुगाना, हर्ष कुमार पुत्र विकास निवासी सिकंदरपुर, थाना भोपा, भव्यांश पुत्र गौरव निवासी गांव बेलडा, भोपा, सचिन पुत्र समय प्रकाश निवासी 90 सिंगल स्टोरी नई बस्ती नंदग्राम, गाजियाबाद, हरेंद्र पुत्र योगेंद्र निवासी तुगलकपुर,थाना खानपुर हरिद्वार (उत्तराखंड), आर्यन पुत्र दीपक निवासी गांधी नगर नई मंडी को पकड़ा है। जबकि इनके दो साथी राजा निवासी करौंदा महाजन, थाना फुगाना तथा अनुराग निवासी गाजियाबाद फरार है।