हिमाचल में बेकाबू कार का कहर, पहले महिला को उड़ाया, फिर पुलिसवाले को कुचला, वीडियो वायरल

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया. शहर के व्यस्त इलाके में अचानक एक कार ने बेकाबू होकर सड़क किनारे चल रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद कार ने संतुलन खोते हुए सड़क पर जा रहे पुलिसकर्मी और दूसरी गाड़ी को भी टक्कर मार दी. यह पूरा हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसकी फुटेज अब सामने आई है.

पुलिस ने मामले की जांच की शुरू

घटना मंडी शहर के मुख्य चौक के पास की बताई जा रही है. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि कार तेज रफ्तार में आती है और अचानक सड़क किनारे जा रही महिला को पीछे से टक्कर मार देती है. महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर जाती है. इसके बाद कार रुकी नहीं, बल्कि सीधे आगे बढ़कर वहां ड्यूटी पर खड़े एक पुलिसकर्मी और दूसरी कार से जा भिड़ी. हादसे में पुलिसकर्मी और कार सवार भी घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. जानकारी के अनुसार तीनों घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन महिला को ज्यादा चोटें आई हैं. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

हादसे के बाद अफरा-तफरी मची

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग कार चालक की लापरवाही पर नाराज दिखे. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने अचानक ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन नहीं बना पाया. गनीमत रही कि हादसा और बड़ा नहीं हुआ, वरना वहां मौजूद भीड़ को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता था. मंडी पुलिस ने अपील की है कि लोग वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. खासकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गति नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है.