दिल्लीवासियों के लिए बड़ी राहत, जल्द शुरू होंगे दो नए एक्सप्रेसवे! NCR का सफर होगा आसान

दिल्ली और एनसीआर के बीच रोजाना लाखों लोग आवाजाही करते हैं. मौजूदा समय में कई बॉर्डर पॉइंट्स पर भारी जाम लगने की वजह से लोगों को घर से काफी पहले निकलना पड़ता है. कई बार एनसीआर के शहरों में आना-जाना पूरे दिन का काम बन जाता है. ऐसे में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में तैयार किए गए दो बड़े एक्सप्रेसवे इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं.

पहला प्रोजेक्ट दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ा लिंक रोड है, जो डीएनडी से फरीदाबाद और आगे पलवल की दिशा में सीधी कनेक्टिविटी देगा. करीब 59 किलोमीटर लंबा यह मार्ग लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही इसे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा.

इस सड़क के चालू होने के बाद दिल्ली से फरीदाबाद और पलवल तक का सफर महज 25 से 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इस एक्सप्रेसवे के बल्लभगढ़ से सोहना तक करीब 26 किलोमीटर के हिस्से पर पहले ही ट्रैफिक शुरू किया जा चुका है.

दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे है, जो कि खास तौर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद और लोनी की ओर जाने वाले लोगों को राहत देगा. फिलाहल इस दिशा में जाने वाले चालकों को शिव विहार या भोपुरा बॉर्डर के रास्ते लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे काफी समय बर्बाद होता है.

करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 6-लेन एक्सप्रेसवे अक्षरधाम मंदिर के पास से शुरू होकर शास्त्री पार्क, खजूरी खास, मंडोला, बागपत, खेकड़ा, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा. परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और संभावना है कि इसका उद्घाटन नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा. इन दोनों एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से एनसीआर और उत्तर भारत के कई शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी.