13 गाय, 10 बछड़े और इतने रुपये कैश, जानिए नीतीश कुमार की कितनी है संपत्ति

Nitish Kumar Net Worth: नीतीश कुमार बहुत जल्द बिहार के सीएम पद से इस्तीफा देंगे, क्योंकि उन्होंने राज्यसभा जाने के लिए नामांकन कर दिया है. सीएम नीतीश कुमार के नामांकन के बाद अब सियासी हलकों में चर्चा हो रही है कि आखिर नीतीश कुमार के बाद कौन बिहार का अगला सीएम होगा. इसी चर्चा के बीच चलिए जानते हैं कि बिहार के मौजूदा सीएम और राज्यसभा प्रत्याशी नीतीश कुमार के पास कितनी संपत्ति है.

बिहार के दस बार के मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने वाले नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा जाने के लिए नामांकन किया. करीब दो दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद नीतीश कुमार के पास बहुत कम पर्सनल संपत्ति है. दरअसल, नीतीश कुमार हर साल अपनी संपत्ति की जानकारी पब्लिक करते हैं. उन्होंने अपनी संपत्ति की सारी जानकारी साल 2025 के दिसंबर महीने में दी थी.

31 दिसंबर को बिहार सरकार की वेबसाइट पर अपलोड की गई जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार की कुल चल और अचल संपत्ति करीब 1.65 करोड़ रुपये है. उनके पास 13 गाय और 10 बछड़े हैं. नीतीश कुमार के पास एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी है. वहीं, कैश की बात करें तो उनके पास 21,052 रुपये हैं. जबकि अलग-अलग बैंक अकाउंट में करीब 60,811.56 रुपये जमा हैं. नीतीश कुमार के पास कुल चल संपत्ति की कीमत लगभग 16,97,741.56 रुपये है.

नीतीश कुमार के पास दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है. 1,000 स्क्वायर फुट का यह फ्लैट उन्होंने 2004 में खरीदा था. इसके अलावा नीतीश की कुल अचल संपत्ति की कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये है.