रुद्रप्रयाग के होटल में मृत मिली महिला, साथ में आए हरियाणा के दो युवक हुए फरार; हत्या की आशंका

रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय में एक होटल के कमरे में महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला बीती शाम दो पुरुष साथियों के साथ होटल में ठहरी थी। दोनों पुरुष सुबह से ही फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हरियाणा के दो युवक एक महिला के साथ शहर के एक होटल में शुक्रवार शाम को कमरा लेकर ठहरे थे।

शनिवार सुबह दोनों युवक कमरे की चाबी लेकर होटल से यह कहकर बाहर गए कि वह कुछ देर में लौट आएंगे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। देर शाम तक कमरे में कोई हलचल न होने पर होटल स्वामी को संदेह हुआ। उन्होंने खिड़की से कमरे के भीतर झांककर देखा तो महिला कमरे के अंदर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। इसके बाद होटल स्वामी ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

पुलिस दरवाजा खोलकर अंदर गई तो महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, महिला के साथ आए दोनों युवक सुबह से ही फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।