राजस्थान में भीषण हादसाः कंटेनर में आग लगने से 5 कारें जलकर हुई कबाड़ः फोरलेन पर हुआ हादसा

रायपुर मारवाड़। ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर रायपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह कारों से भरे एक कंटेनर में भीषण आग लग गई। इस घटना में कंटेनर में लदी छह में से पांच नई कारें पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गईं। यह हादसा सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच न्यू सिंधी होटल के पास हुअस।

पुलिस को सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि रायपुर सरहद स्थित न्यू सिंधी होटल के पास एक कंटेनर में आग लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को भी सूचित किया गया। इसके बाद पाली जिले के सोजत सिटी और ब्यावर जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। जैतारण की फायर ब्रिगेड उस समय ऑफ रूट बताई गई।

एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर कंटेनर में आग लगी हुई थी। कंटेनर ड्राइवर की पहचान महेश पुत्र सत्यनारायण जाट (35) निवासी रामपुर, तहसील उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनू के रूप में हुई। यह कंटेनर गुजरात के मेहसाना से नई कारें लेकर दिल्ली की ओर जा रहा था।

सोजत सिटी और ब्यावर से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कंटेनर में रखी 6 में से 5 ग्रैंड विटारा कारें पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई। घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु करवा दिया। जिस स्थान पर आग लगी, उसके पास ही ट्रकों की पार्किंग भी है, जहां अक्सर बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं। पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।