एलन मस्क नहीं रहे दुनिया के सबसे अमीर शख्स, इस शख्स ने ले ली जगह

नई दिल्ली. दुनिया के सबसे अमीर शख्स का ताज अब एलन मस्क (Elon Musk) के सिर से उतरकर ओरेकल (Oracle) के को-फाउंडर लैरी एलिसन (Larry Ellison) के पास चला गया है. ओरेकल के तगड़े तिमाही नतीजों के बाद मंगलवार रात कंपनी के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया, जिससे एलिसन की दौलत एक झटके में 101 अरब डॉलर बढ़ गई. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक एलिसन की कुल संपत्ति अब 393 अरब डॉलर हो गई है, जबकि मस्क की नेटवर्थ 385 अरब डॉलर है.

ओरेकल के शेयरों में बुधवार को भी 40 फीसदी तक की तेजी देखी गई. कंपनी की क्लाउड सर्विसेज और खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट्स की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. यही वजह है कि एलिसन की दौलत अब इतिहास का सबसे बड़ा सिंगल-डे जंप दर्ज कर चुकी है.

ओरेकल ने मंगलवार देर रात बताया कि कंपनी ने चार बड़े मल्टीबिलियन डॉलर कॉन्ट्रैक्ट्स साइन किए हैं. सीईओ सफ्रा कैट्ज (Safra Catz) ने कहा कि आने वाले महीनों में और भी बड़े सौदे होने की उम्मीद है. एआई कंपनियों की बढ़ती कंप्यूटिंग पावर की जरूरतों को पूरा करने में ओरेकल अब बड़ी भूमिका निभा रहा है. यही वजह है कि निवेशक कंपनी के शेयर पर दांव लगा रहे हैं.

एआई बूम में भागीदार
ओरेकल की सफलता सीधे तौर पर एआई बूम से जुड़ी है. हाल ही में कंपनी ने चैटजीपीटी (ChatGPT) की पैरेंट कंपनी ओपनएआई को 4.5 गीगावॉट बिजली सप्लाई करने का सौदा भी किया है ताकि उनके एआई टूल्स को चलाया जा सके. इसी तरह एआई रेस में आगे बढ़ते हुए ओरेकल ने टेक वर्ल्ड में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है.

मस्क पीछे छूटे, एलिसन ने रचा इतिहास
एलन मस्क ने 2021 में पहली बार दुनिया के सबसे अमीर इंसान का खिताब जीता था और ज्यादातर समय वे इस पोजिशन पर बने रहे. बीच-बीच में वे बर्नार्ड अरनॉल्ट और जेफ बेजोस से पिछड़े भी, लेकिन जल्दी वापसी कर ली. इस बार हालांकि ओरेकल और एआई की ताकत ने लैरी एलिसन को सबसे ऊपर ला खड़ा किया है.