मार्च में ठंड की वापसी! शिमला से कश्मीर तक बर्फबारी, दिल्ली-UP में कैसा है मौसम?

IMD Alert: हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारी बारिश और ओले पड़ने की खबर आ रही है. इसके कारण इलाके में तापमान में गिरावट आई है. मार्च के मध्य में जहां तापमान गर्म होने लगता है, वहीं ऐसे समय में बर्फबारी, बारिश और तापमान में गिरावट लोगों को हैरान कर रहा है. भारत में इस वक्त काफी मिला-जुला मौसम है. उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है, वहीं देश के बाकी हिस्सों में गर्मी का असर तेज हो रहा है.

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर साफ तौर पर दिख रहा है. IMD ने जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लिए गरज, बिजली और ओले पड़ने की चेतावनी जारी की है. सोमवार को कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी इलाकों में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हिमाचल प्रदेश में भी यही हाल है, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और शिमला जैसे ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई है. भारी बर्फबारी के कारण 15-16 मार्च 2026 को अटल टनक के साउथ पोर्टल के पास लगभग 1000 वाहन फंस गए, जिन्हें कुल्लू-मनाली पुलिस रेस्क्यू कर रही है. IMS ने यहां येलो अलर्ट जारी कर दिया है. यहां भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में ये है मौसम का हाल
फरवरी जाते-जाते जहां उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी ने दस्तक दे दी थी. वहीं अब मार्च के मध्य में दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान में थोड़ी गिरावट आई है. वहीं वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण इन राज्यों में अगले 48 घंटों में हल्की बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है, जिससे तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकता है. मध्य और दक्षिण भारत में मौसम गर्म बना हुआ है. कई हिस्सों में 35°C से 38°C के बीच तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है. वहीं असम और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं.