मुजफ्फरनगर में आपसी रंजिश के चलते परिवार पर हमला:लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र के गांव छतेला में आपसी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला किया गया। दबंगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर महिला समेत तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।यह घटना एक मामूली विवाद के बाद हुई, जब एक पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ लोगों को निशाना बनाते हुए दिख रहे हैं। हमले के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा गया है, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। तितावी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।