मुजफ्फरनगर। नेपाल के काठमांडो में फंसे दस व्यापारियों के जल्द वापस आने की उम्मीद बंधी है। सात हजार रुपये का फ्लाइट का टिकट 16 से 18 हजार रुपये का हो गया है। छह व्यापारियों के प्लाइट के टिकट हो चुके हैं। सभी शुक्रवार को वहां से चलेंगे, जो शाम तक पहुंच सकते हैं।
नगर के आठ व एक बड़ौत व एक बिजनौर निवासी कुल 10 व्यापारी ग्रुप बनाकर नेपाल में पशुपतिनाथ के दर्शन करने गए थे, जो काठमांठो में हुई हिंसा में फंस गए। सभी की सकुशल वापसी को लेकर परिजन चिंतित है। नगर के व्यापारी वहां से वापस आने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और उनका गाइड सूरज थापा उनकी सुरक्षा में लगा है।
व्यापारी सुनील तायल ने फोन पर बातचीत में बताया कि बुधवार के मुकाबले बृहस्पतिवार का माहौल काफी सही रहा। कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया था क्योंकि सेना की फायरिंग में दो लोग मारे गए थे लेकिन सेना ने हालात काबू कर लिए। शाम पांच बजे से सात बजे तक के लिए कफ्र्यू में छूट दी गई थी।
इस दौरान वह अपने परिचित के घर व बाजार में गए। उनके परिचित व गाइड की मदद से उनके साथी भोपाल, कुलदीप, प्रवीण गोयल, सचिन गुप्ता, अजय जैन व आशू के टिकट निजी फ्लाइट से हो गए। उनकी फ्लाइट शनिवार को 11 बजे बताई गई है। वह अपने व सुशील त्यागी, पवन कुमार, वरुण धनकड़ के टिकट भी बुक कराने के प्रयास में लगे हैं। उन्होंने बताया कि भारत से नेपाल आने का सामान्य फ्लाइट का किराया दोनों तरफ का 14 हजार रुपये था। लेकिन हालात बदलने के कारण एक तरफ का किराया 16 से 18 हजार रुपये तक पहुंच गया है। उन्हें जल्द वापस आने की आस बंधी है।
व्यापारी सुनील तायल के बेटे प्रिंस ने बताया कि नेपाल गए व्यापारियों के परिजन चिंतित थे। कुछ व्यापारियों के फ्लाइट से वापस आने के टिकट बुक हो चुके हैं। इससे सभी परिजनों को राहत मिली है। उनके पापा ने बताया है कि शुक्रवार को उनके भी टिकट बुक हो सकते हैं। सचिन गुप्ता के भाई नितिन ने बताया कि उनके अपने भाई से बात हुई थी। उनसे बात करके अच्छा लगा है। उनके भाई सहित छह व्यापारियों के शुक्रवार को वापस आने की पूरी उम्मीद है।