यूपी में पाइप से बहता खून देखकर छत पर पहुंची मां, बेटे की लाश देखकर हुई बेहोश

मरेठ: बुलंदशहर के गढ़िया गांव में हत्या के एक मामले ने सनसनी फैला दी है। छत पर अकेले सो रहे हलवाई की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। मां ने मकान के नीचे ड्रनेज पाइप से खून बहता देखा, जिसके बाद ऊपर पहुंची। वहां चारपाई पर पड़ा बेटे का शव देखकर चीख पड़ी और बेहोश हो गई। पुलिस अवैध संबंध के कारण हत्या की आशंका जता रही है। मिली जानकारी के अनुसार, अगौता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़िया निवासी नानक पेशे से हलवाई था। शुक्रवार को रोज की तरह वह रात को खाना खाकर छत पर सोने चला गया, उसकी पत्नी और 4 बच्चे नीचे कमरे में सो रहे थे। वहीं मृतक की मां पड़ोस में असके छोटे भाई बाला के साथ रहती थी।

लाश देखकर बेहोश हुई मां
शनिवार सुबह जब मां नानक के घर पहुंची तो उसके परिवार के सभी लोग सो रहे थे। तभी मां ने अचानक से ड्रेनेज पाइप की तरफ देखा, तो उसमें से खुन बह रहा था। किसी तरह की अनहोनी की आशंका में मां भागकर ऊपर पहुंची। वहां बेटे का शव देखकर मां चीख पड़ी और बेहोश होकर गिर गई। किसी ने नानक का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी।

शोर सुनकर परिवार के लोग और गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर एसपी सिटी शंकर प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

अवैध संबंध के कारण हत्या की आशंका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों नानक और बाला की शादी दो बहनों से हुई थी। छोटे भाई की पत्नी का किसी युवक के साथ अवैध संबंध था, जो एक हफ्ते पहले ही घर से भाग गई है। इस संबंध में पहले से थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है।

वहीं नानक को भी शक था कि उसकी पत्नी का किसी युवक के साथ अवैध संबंध है, एक युवक का घर में आना जाना था। आए दिन नानक का उसकी पत्नी के साथ झगड़ा होते रहता था। ऐसे में पुलिस को शक है कि मृतक नानक की हत्या अवैध संबंध के कारण हुआ होगा। मामले में जांच जारी है।