बिहार में कल यानी मंगलवार को नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा. 14 तारीख को नीतीश कुमार कैबिनेट की सुबह 11 बजे अंतिम बैठक होगी. उसके बाद नीतीश मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. ठीक उसके बाद विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा. इसके लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया गया. शिवराज सिंह चौहान ने कहा- ‘मैं तो एक कार्यकर्ता हूं और एक कार्यकर्ता के नाते जो भी काम मिलता है, उसे पूरी ईमानदारी और प्रमाणिकता के साथ करना ये मेरा कर्तव्य है. जो भी दायित्व पार्टी देती है मैं उसे पूर्ण करता हूं. मैं 14 तारीख को बिहार जाऊंगा.’ इस बार मुख्यमंत्री भाजपा की ओर से बनाया जाएगा. सीएम के चेहरे की रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी दिख रहे हैं. उनके अलावा नित्यानंद राय, रेणु देवी और अन्य लोगों के नाम भी फहरिस्त में शुमार हैं. कल किसी एक नाम पर मुहर लग जाएगी.
संजय झा और ललन सिंह की मीटिंग
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मुख्यमंत्री से मिलने के बाद जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे. संजय झा के आवास पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की बैठक चल रही है. प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी बैठक में शामिल हुए हैं. नई सरकार के गठन और मंत्रियों के संभावित सूची को लेकर संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बीच बात चल रही है.
जेडीयू से कौन बनेंगे मंत्री इस पर हुई चर्चा
जेडीयू के वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकले, जहां अहम बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में नई सरकार के गठन को लेकर जेडीयू कोटे से किन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा, इस पर मंथन हुआ. इसके साथ ही पार्टी की ओर से उपमुख्यमंत्री पद के लिए किसे आगे किया जाए, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया. बताया जा रहा है कि गठबंधन के भीतर संतुलन बनाए रखने और राजनीतिक समीकरण साधने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा.
संभावित मंत्रियों की सूची(जेडीयू कोटे के संभावित मंत्री)1.डिप्टी सीएम- निशांत कुमार
2.विजेंद्र यादव
3.विजय कुमार चौधरी
4.श्रवण कुमार
5.अशोक चौधरी
6.लेसी सिंह
7.मदन सहनी
8.जमा खां
9.सुनील कुमार
10.संतोष कुमार सुमन
11.संजय पासवान
12.संजय कुमार सिंह
13 .दीपक प्रकाश
14.विजय कुमार सिन्हा
15.मंगल पाण्डेय
16.रामकृपाल यादव
17.दिलीप जायसवाल
18.श्रेयसी सिंह
19.लखेंद्र पासवान
20.रमा निषाद
21.प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
22.अरूण शंकर प्रसाद
23.संजय सिंह टाईगर
14 अप्रैल बिहार के लिए अहम दिन, मिलेगा नया मुख्यमंत्री
14 अप्रैल बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम दिन साबित होने वाला है. सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी, जिसके बाद उनके इस्तीफे की संभावना है. इसी दिन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा. जेडीयू और एनडीए के अन्य घटक दल भी अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेंगे. इसके बाद एनडीए की संयुक्त बैठक में नए नेता यानी मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान होगा. फिर नीतीश कुमार नए नेता के साथ राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
नए सीएम और मंत्रिमंडल पर संजय सरावगी का बयान
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर बयान दिया. उन्होंने कहा कि- कल पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंचेंगे. भाजपा विधायक दल के नेता को चुनेंगे, जो भी काम होगे कार्यक्रम होंगे वह कल ही हो जाएंगे. तब तय होगा कि नए सीएम की कैबिनेट में कौन-कौन रहने वाला है.