मुजफ्फरनगर में अचानक बंद हुआ झूला: आधे घंटे तक 50 फीट की ऊंचाई पर फंसे रहे लोग

मुजफ्फरनगर. मुज़फ्फरनगर के खतौली नगर में चल रहे छडियान मेले में एक बड़ी घटना सामने आई है। मेले में लगे हिंडोला झूले में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण झूले में बैठे लोग 50 फुट की ऊंचाई पर करीब आधे घंटे तक फंसे रहे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम खतौली राजकुमार ने तुरंत टीम भेजकर सभी झूलों को बंद करवा दिया। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के खतरनाक झूले नहीं चलने दिए जाएंगे।

सुरक्षा के इंतजाम को लेकर कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने बताया कि मेले में बड़े रिंग झूले, नाव झूले और अप्पू घर जैसे झूले चल रहे हैं। इनमें सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। कुछ सभासदों पर झूला ठेकेदार के साथ मिलीभगत का आरोप भी लगा है। मीडिया के सवालों पर ये सभासद जवाब देने से बचते नजर आए।

झूला ठेकेदार का दावा है कि मेले में सभी झूले मानकों के अनुरूप लगाए गए हैं। टेक्निकल टीम ने झूलों का निरीक्षण किया है। ठेकेदार ने इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है।

अब सवाल उठ रहा है कि बिना अनुमति के इतने जोखिमभरे झूले कैसे लगाए गए। जिला प्रशासन और नगर निकाय की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोग चाहते हैं कि भविष्य में ऐसी खतरनाक गतिविधियों पर रोक लगे।