राजस्थान के कोटा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, अहमदाबाद से मध्य प्रदेश जा रही एक निजी बस राजस्थान के कोटा में डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. बताया गया है कि इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और लगभग 20 अन्य यात्री घायल हो गए. घायलों का इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि जब बस पलटी, तो सामने का शीशा चकनाचूर हो गया और बस के केबिन में यात्रा कर रहे तीन व्यक्ति सड़क पर जा गिरे, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी
वहीं, रात करीब साढ़े 12 बजे दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम, अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. यह दुर्घटना आरके पुरम पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले नयागांव ओवरब्रिज के पास हुई.
घटना में तीन यात्रियों की मौत, 20 से ज्यादा घायल
पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त बस में कई यात्री फंस गए थे. दो घंटे से अधिक समय तक चले और लगभग देर रात ढाई बजे तक जारी रहे एक कठिन अभियान के बाद उन्हें निकाला गया. कोटा शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी ने पुष्टि की कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 20 अन्य घायल हो गए. घायलों को तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार हो रहा है.
मध्य प्रदेश के रहने वाले है अधिकांश यात्री
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया है कि दुर्घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. हालांकि, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि संभवतः कुछ मवेशियों के अचानक सड़क पार करने के कारण बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया होगा. खबरों के मुताबिक, बस में यात्रा कर रहे अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के ग्वालियर और भिंड के रहने वाले हैं.