मध्य प्रदेश में 7500 पदों पर निकली सिपाही भर्ती, महिलाओं को भी बंपर मौका, पढ़े वैकेंसी की सारी डिटेल

भोपाल: लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश में पुलिस में भर्ती का रास्ता खुल गया है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने प्रदेश में आरक्षक के 7500 पदों पर भर्ती निकाली है. महिलाओं के पास भी सिपाही बनने का बंपर मौका है. महिलाओं के लिए 2380 पद रिजर्व रखे गए हैं. भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होगी और 29 सितंबर 2025 तक फॉर्म भरे जाएंगे. आवेदन करते समय यदि कोई गलती रह जाती है तो उसमें सुधार के लिए 4 अक्टूबर 2025 तक का समय मिलेगा. माना जा रहा है कि अब जल्द ही एसआई के भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.

2 चरणों में होगी परीक्षा

सिपाही भर्ती की प्रक्रिया दो चरणों में होगी. सबसे पहले इसकी लिखित परीक्षा होगी. यह परीक्षा मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कराई जाएगी. लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी. इसकी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश पुलिस को दी गई है. सब कुछ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चला तो मई-जून 2026 तक एमपी पुलिस को 7500 नए सिपाही मिल जाएंगे. इसके अलावा सिपाही भर्ती के बाद उप निरीक्षकों के 500 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो सकती है.

एमपी पुलिस भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन

सिपाही भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी को सबसे पहले कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर जाकर अपना प्रोफाइल बनाना होगा. इसमें अभ्यर्थी का रजिस्ट्रेशन उसके मोबाइल नंबर के जरिए ई-केवाईसी होगी. आवेदन प्रक्रिया 4 स्टेप में पूरी होगी.

– पहले स्टेप में उम्मीदवार को ऑनलाइन फॉर्म की लिंक पर क्लिक करना होगा.
– इस ऑनलाइन फॉर्म में आवेदक को मांगी गई पर्सनल डिटेल, एकेडमिक डिटेल और अन्य दूसरी डिटेल को भरना होगा.
– आवेदन के लिए इसमें आवेदन शुल्क जमा करना होगा. यह भी ऑनलाइन होगा और इसके बाद फार्म सबमिट करें.
– इसके बाद कंफर्मेशन पेज ओपन होगा, इसे कंफर्म करके इसको डाउनलोड करना न भूलें.
– इसमें सामान्य उम्मीदवारों को 500 रुपए, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस के लिए 250 रुपए का शुल्क देना होगा.
– विभागीय परीक्षा के लिए आवेदन कर रहे हैं तो सामान्य उम्मीदवार को 200 रुपए और एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए आवेदन शुल्क देना होगा.

11 शहरों में होगी लिखित परीक्षा

मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा. यह परीक्षा प्रदेश के 11 शहरों में आयोजित होगी. यह परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में होगी. ग्वालियर क्षेत्र में लिखित परीक्षा के लिए एक भी सेंटर नहीं बनाया जाएगा. लिखित परीक्षा 2 पालियों में होगी. सुबह की पाली में सुबह साढ़े 9 बजे से साढे़ 11 बजे तक और दूसरी पाली ढाई बजे से साढ़े 4 बजे तक होगी.

मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती बोर्ड गठन की घोषणा, हर साल होगी बंपर भर्ती
मध्य प्रदेश में 825 पदों पर भर्ती, महिलाओं को 35% आरक्षण, अप्लाई की लास्ट डेट
नियम पुस्तिका और पात्रता

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती परीक्षा की नियम पुस्तिका 13 सितंबर 2025 को अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. आवेदक नियम पुस्तिका डाउनलोड करके उसमें दिए गए प्रावधानों के अनुसार अपना आवेदन पत्र भर सकते हैं. इसमें आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और अन्य पात्रता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई है.