यूपी वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी, इंटर पास इस डेट से भर सकेंगे फॉर्म

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से राज्य में फॉरेस्ट गार्ड एवं वाइल्ड लाइफ गार्ड के रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई है। नोटिफिकेशन के मुताबिक इस भर्ती के माध्यम से कुल 708 रिक्त पदों को भरा जायेगा। वैकेंसी के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 जून से स्टार्ट की जाएगी जो 20 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। शुल्क समायोजन एवं करेक्शन की लास्ट डेट 27 जुलाई तय की गई है। जो भी उम्मीदवार भर्ती के लिए पात्रता पूरी करते हैं वे इसमें शामिल होने के लिए फॉर्म भर सकते हैं।

फॉर्म भरने के लिए योग्यता
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास UPSSSC PET 2025 का स्कोरकार्ड होना चाहिए।

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की इंटरमीडिएट परीक्षा या सरकार द्वारा इसके समकक्ष योग्यता हासिल की हो।

अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं अधिकतम आयु 40 से ज्यादा न हो। आरक्षित वर्ग को ऊपरी उम्र में छूट मिलेगी।

शारीरिक योग्यता
इस भर्ती में शामिल होने के लिए पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 168 सेमी और सीना 84 सेंटीमीटर होना चाहिए। एससी एसटी के लिए लंबाई 160 सेमी और सीना 82 होना चाहिए। सीने में 5 सेमी का फुलाव अनिवार्य है।
महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 152 सेमी और एससी/ एसटी वर्ग के लिए 147 सेमी निर्धारित है। न्यूनतम वजन 45 से 58 किलोग्राम होना चाहिए।

भर्ती विवरण
इस भर्ती के माध्यम से कुल 708 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें से वन रक्षक (सामान्य चयन) के लिए 318 पद, वन्य जीव रक्षक (सामान्य चयन) के लिए 10 पद, वन रक्षक (विशेष चयन) के लिए 329 पद और वन्य जीव रक्षक (विशेष चयन) के लिए 51 पद आरक्षिक हैं।