मुजफ्फरनगर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की कार्रवाई: 225 वाहनों का चालान

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने तेज आवाज और पटाखा जैसे शोर करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर तथा हूटर लगाने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में 225 वाहनों का चालान किया गया और कुल 4 लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीमों ने शहरभर में चेकिंग की।

अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 159 वाहनों का चालान कर 2 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, प्रेशर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल करने वाले 66 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

मरीजों तथा स्कूली बच्चों को होती है परेशानी

कई वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवाए गए। पुलिस का कहना है कि ऐसे साइलेंसर और हूटर न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि इनसे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आम लोगों, मरीजों तथा स्कूली बच्चों को परेशानी होती है।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में इस तरह के उपकरणों का इस्तेमाल न करें और यातायात नियमों का पालन करें।