मुजफ्फरनगर। शहर के हृदय स्थल भगत सिंह रोड पर सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उस समय जबरदस्त हंगामा हो गया, जब एक शिकंजी रेहड़ी संचालक ने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। खुद को सत्तारूढ़ राजनीतिक पार्टी का पदाधिकारी बताते हुए संचालक ने न केवल कार्रवाई का विरोध किया, बल्कि पुलिसकर्मियों पर अवैध उगाही के गंभीर आरोप भी जड़ दिए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में चल रहा था अभियान
एसपी सिटी अमृत जैन के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी के नेतृत्व में शिव चौक से अहिल्याबाई चौक और भगत सिंह रोड तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। टीम में एसएसआई नरेंद्र सिंह, आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर और भारी संख्या में नए तैनात महिला व पुरुष आरक्षी शामिल थे।
“मेरा मुंह मत खुलवाओ…” – पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
हंगामा तब शुरू हुआ जब गुदड़ी बाजार के कोने पर खड़ी एक शिकंजी की रेहड़ी को हटाने के निर्देश दिए गए। संचालक आपा खो बैठा और अपने सीने पर हाथ मारते हुए पुलिस पर धौंस जमाने लगा। वायरल वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है— “मेरा मुंह मत खुलवाओ, हमें भी पता है कौन किससे पैसे ले रहा है… शिव चौक से हनुमान चौक तक एक हजार रुपये लेता है चीते वाला!” इस बयान के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी असहज नजर आए।