यूपी में 8 लोगों ने गंवाई जान; पहले दो बाइकों की टक्कर, फिर अनियंत्रित कार ने भीड़ को कुचला

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश में अंबेडकरनगर के जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कुल आठ लोगों की जान चली गई। घटना अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास हुई, जहां पहले दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हादसे के बाद सड़क पर इकट्ठा हुए स्थानीय लोग और राहगीर घायलों की मदद कर उन्हें अस्पताल भेजने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच जलालपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने भीड़ को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

दो घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस और क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी नगपुर पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्तियों को जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी है।