देहरादून। देशभर में शनिवार को मौसम ने करवट ली और कई राज्यों में आंधी-बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। राजस्थान के जयपुर, बीकानेर और जोधपुर में आंधी के बाद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। वहीं, उत्तराखंड के देहरादून और उत्तरकाशी में ओले गिरे। खराब मौसम के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर भी ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित उतारा गया।
हालांकि, राहत के बावजूद कई शहरों में लू का असर बरकरार है। शनिवार को महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वर्धा 44.5°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि चंद्रपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भी पारा 44°C के आसपास दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के धमतरी में गर्मी से राहत के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। आने वाले दो दिनों के मौसम की बात करें तो भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 और 5 मई के लिए कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
4 मई को इन राज्यों में बारिश
4 मई को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
5 मई को इन राज्यों में बारिश
5 मई को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। दूसरी ओर राजस्थान में लू का असर जारी रहने के साथ कुछ इलाकों में आंधी-बारिश भी हो सकती है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।