मुजफ्फरनगर में युवती से छेड़छाड़ के बाद भीड़ ने की युवक की पिटाई

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र में आयोजित छड़ियाँ मेले में रविवार रात एक छेड़छाड़ की घटना सामने आई। एक युवक द्वारा मेले में मौजूद युवती से छेड़छाड़ करने पर भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवक को बेल्ट और लात-घूंसों से पीटते दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मेले में भारी भीड़ थी और लोग उत्सव का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान युवक ने युवती से छेड़छाड़ की।

मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

खतौली कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। छेड़छाड़ और मारपीट दोनों मामलों की जांच चल रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।