हिमाचल के कांग्रेस विधायक पर टूटा दुखों का पहाड़, छोटे भाई का निधन

नालागढ़. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह बावा के भाई का निधन हो गया है. वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे. नालागढ़ से विधायक हरदीप सिंह बावा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गहरे दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे छोटे भाई, मेरे दिल के बेहद करीब रमनदीप सिंह बावा (सम्मी) जिन्होंने पिछले 9 वर्षों से कोमा जैसी कठिन स्थिति में संघर्ष किया. आज हमें छोड़कर ईश्वर के चरणों में विलीन हो गए. यह हमारे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. मंगलवार सायं 4 बजे हमारे पैतृक गांव पिंजौर (राम बाग) में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और हमें इस दुःख को सहने की शक्ति दें.

सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विधायक हरदीप सिंह बावा के छोटे भाई रमनदीप सिंह बावा के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उनका गत सायं पिंजौर (हरियाणा) में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वे 43 वर्ष के थे. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की.

लोगों ने भी जताया दुख
सोशल मीडिया पर भी लोगों ने विधायक के भाई के निधन का दुख जताया और कहा कि भाई की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता है. हिमचाल महिला आयोग की चेयरमैन विद्या नेगी ने रमनदीप की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.