Aishbagh Toilet News: देश का दिल मध्य प्रदेश अब अजूबों का प्रदेश बनता जा रहा है. मध्य प्रदेश के अजूबे इंजीनियर एक के बाद एक अजीब निर्माण कर रहे हैं. राजधानी भोपाल में कुछ महीनों पहले 90 डिग्री ब्रिज का मामला सामने आया था. उसके बाद नगर निगम की वह बिल्डिंग चर्चा में रही, जो करोड़ों रुपये से बनकर तैयार हुई, लेकिन इंजीनियर उसमें मीटिंग हॉल बनाना ही भूल गए. अब नगर निगम ने भोपाल शहर में एक और नया अजूबा बना दिया है.
90 डिग्री ब्रिज के पास ऐशबाग इलाके में नगर निगम द्वारा सुलभ शौचालय बनाया गया, लेकिन इस शौचालय का उपयोग जनता नहीं कर सकेगी. अगर इस शौचालय का उपयोग करना है, तो नगर निगम को वहां तक पहुंचने के लिए फ्लाईओवर बनाना होगा.
रेलवे जमीन पर बना शौचालय
नगर निगम ने ऐशबाग इलाके में लाखों रुपये खर्च कर सुलभ शौचालय बना दिया. निगम यह जानते हुए भी कि यह जमीन रेलवे की है और भविष्य में रेलवे यहां निर्माण करेगा, इसके बावजूद शौचालय बना दिया गया. लगभग शौचालय का निर्माण पूरा हो चुका है, केवल कुछ काम बाकी है. जिस जगह पर शौचालय बनाया गया है, वहां अब रेलवे ने बाउंड्री वॉल भी बना दी है. यानी इस शौचालय तक पहुंचने के लिए चारों तरफ से रास्ते बंद हो गए हैं और जनता इसका उपयोग नहीं कर सकेगी.
विरोध के बावजूद हुआ निर्माण
स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद नगर निगम नहीं माना और शौचालय का निर्माण कर दिया गया. जबकि शुरुआत में ही स्थानीय लोगों ने कहा था कि यह जगह गलत है और यह रेलवे की जमीन है, इसलिए शौचालय किसी दूसरी जगह बनाया जाए. लेकिन नगर निगम ने उनकी बात नहीं मानी और नतीजा यह रहा कि लाखों रुपये खर्च कर यह शौचालय बना दिया गया, जो अब बेकार साबित हो रहा है.
शिकायत पर नहीं हुआ ध्यान
स्थानीय निवासी सैय्यद अलमास अली ने शुरुआत में ही इस निर्माण को लेकर निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया. सैय्यद अलमास अली ने बताया कि जब निर्माण शुरू हुआ था, तभी उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया था कि यह निर्माण गलत जगह हो रहा है और इसे किसी अन्य स्थान पर किया जाए.
उपयोग के लिए नहीं है रास्ता
उन्होंने कहा कि अब स्थिति यह है कि यह सुलभ शौचालय जनता के किसी काम का नहीं है, क्योंकि वहां तक जाने के लिए कोई रास्ता ही नहीं है. यदि इसका उपयोग करना है, तो नगर निगम को पहले वहां तक पहुंचने के लिए फ्लाईओवर बनवाना होगा, तभी लोग इसका उपयोग कर पाएंगे.